अमृतसर2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

ऑस्ट्रेलिया में कत्ल कर भारत भाग आने वाले एक शख्स को इंटरपोल ने दिल्ली पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए शख्स का नाम राजविंदर सिंह है और वह मूल रूप से अमृतसर का रहने वाला है। राजविंदर ने 4 साल पहले ऑस्ट्रेलिया में वहां की महिला नागरिक का महज इसलिए कत्ल कर दिया क्योंकि उसका कुत्ता राजविंदर को देखकर भौंक रहा था।
मारी गई ऑस्ट्रेलियन महिला का नाम टोयाह कोर्डिंग्ली था। 24 साल की टोयाह को राजविंदर ने 21 अक्टूबर 2018 को ऑस्ट्रेलिया के क्वीनसलैंड में मार दिया था। उसके बाद वह भारत आकर छिप गया। यहां आने के बाद उसने अपना हुलिया भी बदल लिया।

दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में राजविंदर सिंह।
गुस्से में किया कत्ल
मिली जानकारी के अनुसार, राजविंदर अपनी पत्नी के साथ ऑस्ट्रेलिया के क्वीनसलैंड में रहता था। 21 अक्टूबर 2018 को उसका अपनी पत्नी के साथ झगड़ा हो गया। इसके बाद राजविंदर गुस्से में घर से निकला और रास्ते से फ्रूट खरीदकर वहां के समुद्री बीच पर चला गया। बीच पर राजविंदर चाकू से फल काट रहा था कि उसी समय 24 साल की टोयाह अपने कुत्ते को सैर कराते हुए वहां पहुंच गई। टोयाह का कुत्ता राजविंदर को देखकर भौंकने लगा।
इसी बात को लेकर राजविंदर का टोयाह का झगड़ा हो गया और उसने गुस्से में फल काटने वाले चाकू से टोयाह पर हमला कर दिया। इसमें टोयाह की मौत हो गई।
पुलिस ने रखा इनाम
टोयाह की मौत के 2 दिन बाद राजविंदर इंडिया आ गया। यहां आकर उसने पगड़ी बांधनी शुरू कर दी और दाढ़ी भी बढ़ा ली। मूल रूप से राजविंदर अमृतसर का रहने वाला था लेकिन पुलिस से बचने के लिए वह पंजाब नहीं आया और दिल्ली में ही रहने लगा।
उधर ऑस्ट्रेलियन पुलिस को इस बात के सबूत मिल गए कि टोयाह की हत्या राजविंदर ने की है। ऑस्ट्रेलियन पुलिस ने राजविंदर की तलाश शुरू कर दी। ऑस्ट्रेलियन गवर्नमेंट ने भी अपने सिटीजन की हत्या के इस केस को गंभीरता से लेते हुए राजविंदर के बारे में किसी भी तरह की सूचना देने वाले को एक मिलियन डॉलर का इनाम देने की घोषणा कर दी।

टोयाह कोर्डिंग्ली की फाइल फोटो।
2021 में केस इंटरपोल के पास पहुंचा
यह पता चलने के बाद कि राजविंदर इंडिया जा चुका है, ऑस्ट्रेलियन की सरकार ने मार्च-2021 में उसे गिरफ्तार करने का प्रोसेस शुरू कर दिया। पूरा केस इंटरपोल के पास भेजा गया। लगभग डेढ़ साल की मशक्कत के बाद इंटरपोल पुलिस ने राजविंदर को 25 नवंबर को दिल्ली पुलिस की मदद से दिल्ली से ही गिरफ्तार कर लिया। अब उसे ऑस्ट्रेलिया भेजा जाएगा जहां उस पर टोयाह के मर्डर का ट्रॉयल चलेगा।